*लाहौल-स्पीति में बड़ा हादसा: भूस्खलन की चपेट में आई टैक्सी, 13 की मौत*
लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी मलबे में दब गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। घटना की पुष्टि पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने की है।
हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर राहत अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। मार्ग खुलने के बाद तिंदी में रुके यात्री टैक्सी से पांगी के लिए रवाना हुए थे। कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर वाहन पर गिर गया, जिससे टैक्सी पूरी तरह मलबे में दब गई।
बचाव दल ने अब तक एक घायल को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। प्रशासन की ओर से अन्य यात्रियों की तलाश और राहत कार्य लगातार जारी है।







