हरेला पर्व पर प्रतिभाओं का सम्मान, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजकुमार ठुकराल ने सराहा पर्वतीय समाज समिति का पर्यावरण अभियान
राजकुमार ठुकराल बोले— हरेला प्रकृति संरक्षण का जनपर्व
रुद्रपुर। पर्वतीय समाज समिति (रजि.) की ओर से हंस बिहार में हरेला पर्व एवं प्रतिभा सम्मान समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समिति पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि राजकुमार ठुकराल का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों एवं समिति पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण लोकपर्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि वर्तमान पीढ़ी प्रकृति के संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं हुई तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने और उसके संरक्षण का संदेश देता है। साथ ही पर्वतीय समाज समिति द्वारा प्रतिभाओं के सम्मान एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने की। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष इंदर सिंह रौतेला, कोषाध्यक्ष संजय अधिकारी, मनोज पालीवाल सहित समिति के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर परिहार जी, सुरेश उप्रेती, दीपक कोरंगा, किशन सिंह बिष्ट, डॉ. नारायण मोहन डुगरी, पी.सी. शर्मा, कल्याण बिष्ट सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प एवं अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।







