*100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया लाखों की चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार*,

*100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया लाखों की चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार*,

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जबकि चोरी की नकदी बैंक खातों में जमा किए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चन्द ने थाना पंतनगर में तहरीर देकर बताया था कि 15/16 जून की रात अज्ञात चोर उनके नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल और जाली हटाकर अंदर घुस गए। चोर अलमारी में रखे उनकी पत्नी, माता एवं बहू के सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग सात से आठ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना पंतनगर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर की सूचना पर 15 जुलाई को गडरियाबाग, किच्छा निवासी 28 वर्षीय अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए लगभग 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं, पायल, बिछुए, कमरबंद सहित अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि यह मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की लगभग सात लाख रुपये की नकदी अपने बैंक खातों में जमा करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अज्जू के खिलाफ पूर्व में चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह अधिकारी, उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर सहित थाना पंतनगर एवं एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement