रुद्रपुर। जम्मू में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियन बनी उत्तराखंड की वोविनाम टीम का सोमवार को रुद्रपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 28 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 71 पदक अपने नाम किए। टीम ने 223 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
*71 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन उत्तराखंड वोविनाम टीम का रुद्रपुर में भव्य स्वागत, भारत भूषण चुघ ने किया सम्मान* *वोविनाम में उत्तराखंड की ऐतिहासिक उपलब्धि, भारत भूषण चुघ बोले—युवाओं ने रोशन किया प्रदेश का नाम*
टीम के रुद्रपुर पहुंचने पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पूरे देश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। 71 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत के साथ कोचों के समर्पण और ऋषिपाल भारती के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कर्लिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के डायरेक्टर मुकेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे प्रदेश को गर्व है। उन्होंने ऋषिपाल भारती और देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में वोविनाम खेल की प्रगति की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने बताया कि 3 से 6 सितंबर तक जम्मू के इंडोर स्टेडियम, भगवती नगर में वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से चार दिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 25 राज्यों के करीब एक हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड के 93 खिलाड़ियों के दल ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए 71 पदक हासिल किए और ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र सिंह रावत ने इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और सरकार के सहयोग का परिणाम बताया।
स्वागत कार्यक्रम में रफ्तार सिंह, विनोद लखेरा, मुकेश पाल, गंगा मेहरा, विश्वकेतु वैद्य, नरेंद्र सिंह, विक्रम कुमार, रूनू शर्मा, क्षितिज सिंह, गुलशन कुमार, शिवम, मिंकु, हिमा भट्ट, यतेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, रिया बृजवासी, नेहा, महेश ठाकुर, सुखदेव सिंह, संदीप सिंह, संता सिंह, पूरन पांडेय, विकास चौधरी, अमित गौड़, हीरामन ढाली समेत अनेक अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


