*राजौरी और पुंछ में भारी बारिश से तबाही, 10 लोगों की मौत, कई लापता*

Spread the love

  • *राजौरी और पुंछ में भारी बारिश से तबाही, 10 लोगों की मौत, कई लापता*

 

जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। इससे कई लोग लापता हैं और कई घरों तथा संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से राजौरी और पुंछ जिलों में चारों तरफ भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा कि पुंछ के सुरनकोट और हवेली सहित विभिन्न हिस्सों में नौ लोगों की मौत की रिपोर्ट है, जबकि मंडी इलाके में भी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। हालांकि, कई लोग अब भी लापता हैं और उनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। राजौरी जिले में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से एक महिला की जान चली गई।

सुबह-सुबह हुई मूसलाधार बारिश से राजौरी के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे भारी तबाही हुई। अधिकारियों के मुताबिक, “एक महिला की मौत हो गई है जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। अचानक आए पानी के तेज बहाव में दर्जनों गाड़ियां बह गईं या पूरी तरह खराब हो गईं, और कई रिहायशी एवं व्यावसायिक इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।” पूरे जम्मू क्षेत्र में खराब मौसम और भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी यात्रा और श्री शिव खोड़ी की तीर्थयात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की खराब मौसम की चेतावनी के मद्देनजर यात्रा को अस्थाई रूप से रोकने का ऐलान किया। इस बीच, प्रशासन ने रियासी जिले के रानसू इलाके में भारी बारिश और खराब मौसम के बाद श्री शिव खोड़ी गुफा की यात्रा भी रोक दी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *