*रिंग रोड पर 2.182 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश तेज*

Spread the love

*रिंग रोड पर 2.182 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश तेज*

रुद्रपुर। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात रिंग रोड पर बैरियर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.182 किलोग्राम अफीम बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप तीनपानी क्षेत्र के एक बिरयानी कारोबारी ने फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि शनिवार रात कोतवाल प्रकाश दानू, एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक मनोज जोशी तथा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शिव मंदिर के पास फ्लाईओवर के निकट रिंग रोड पर बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान करतारपुर की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन तेज बारिश के कारण सड़क पर फिसलकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम झनकार सिंह, मूल निवासी बहेड़ी (बरेली) व वर्तमान निवासी ट्रांजिट कैंप तथा आकाश वर्मा, मूल निवासी बरखेड़ा (पीलीभीत) व वर्तमान निवासी ट्रांजिट कैंप बताए। तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1.077 किलोग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1.105 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बरामद अफीम उन्हें तीनपानी क्षेत्र में बिरयानी की दुकान संचालित करने वाले मुजफ्फर अंसारी ने दी थी। उन्हें यह खेप फ्लाईओवर के पास एक अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचानी थी। पुलिस मुजफ्फर अंसारी की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *