*बाजपुर में नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, लाखों की दवाएं व अवैध शराब बरामद*

Spread the love

*बाजपुर में नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, लाखों की दवाएं व अवैध शराब बरामद*

रुद्रपुर/बाजपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जनस्वास्थ्य से जुड़े अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक में संचालित नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ, औषधि प्रशासन, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री व एक गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली एलोपैथिक एवं जीवनरक्षक दवाइयां, दवा निर्माण एवं पैकेजिंग मशीनें, अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी विभाग के होलोग्राम और पैकिंग सामग्री बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या एफ-13 एवं एफ-14) में छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक एवं जीवनरक्षक दवाइयों का निर्माण कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।

छापेमारी में करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद हुई हैं। इनमें अम्लता, जीवाणु संक्रमण, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट संबंधी रोग, कैल्शियम एवं विटामिन सप्लीमेंट तथा रक्तवर्धक दवाइयां शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यदि ये दवाइयां बाजार तक पहुंच जातीं तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित एक गोदाम में भी छापा मारा गया, जहां से बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, पैकिंग सामग्री और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक साथी के साथ हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में उसकी सप्लाई करता था।

संयुक्त टीम ने 1,632 मैकडॉवेल नंबर-1 ब्रांड के क्वार्टर, 1,016 शराब की बोतलें, हजारों खाली क्वार्टर, ढक्कन, रैपर तथा उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम भी बरामद किए। फैक्ट्री से स्टेनलेस स्टील टैंक, फिलिंग, सीलिंग और लेबलिंग मशीन सहित नकली दवाओं के निर्माण व पैकेजिंग में प्रयुक्त कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

अभियुक्त के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं अवैध शराब की बरामदगी के संबंध में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों, सप्लाई नेटवर्क और पूरे गिरोह की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विस्तृत विवेचना की जा रही है। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *