*राजेश शुक्ला की पहल पर वार्ड-16 की 11 केवी नेकेड लाइन होगी इंसुलेटेड*

Spread the love

किच्छा। वार्ड संख्या-16 में 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्र की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की पहल पर आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की नेकेड (खुली) विद्युत लाइन को इंसुलेटेड (कवर कंडक्टर) लाइन में बदला जाएगा। इस कार्य के लिए केंद्र पोषित योजना के तहत लगभग 35 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।

घटना के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की थी और विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा था। इसके बाद उन्होंने किच्छा विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता संजय तिवारी के साथ बैठक कर वार्ड-16 की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की तथा आबादी क्षेत्र से गुजर रही खुली हाईटेंशन लाइन को प्राथमिकता के आधार पर कवर कंडक्टर से बदलने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता संजय तिवारी ने बताया कि वार्ड-16 में लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबी 11 केवी की नेकेड लाइन घनी आबादी के बीच से गुजर रही है। पहले क्षेत्र में आबादी कम थी, लेकिन समय के साथ लाइन के आसपास मकानों का निर्माण होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के प्रयासों से इस परियोजना के लिए 35 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किसी भी मासूम की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन व संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इंसुलेटेड लाइन बिछने के बाद वार्ड-16 के हजारों लोगों को सुरक्षित विद्युत व्यवस्था का लाभ मिलेगा और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *