मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी अजय गणपति ने दिए सख्त निर्देश त्योहारों पर कानून-व्यवस्था, मानसून आपदा प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर, 18 पुलिसकर्मी सम्मानित

Spread the love

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी अजय गणपति ने दिए सख्त निर्देश

त्योहारों पर कानून-व्यवस्था, मानसून आपदा प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर, 18 पुलिसकर्मी सम्मानित

रुद्रपुर, 23 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिस कार्मिकों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, आगामी त्योहारों तथा मानसून आपदा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक से पूर्व एसएसपी ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में एसएसपी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाह फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मानसून सत्र को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानों में उपलब्ध आपदा राहत उपकरणों को पूरी तरह दुरुस्त रखते हुए ‘रेडी मोड’ में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़, जलभराव अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में पुलिस का त्वरित और प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित होना चाहिए।

बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग तथा थाना प्रभारियों को विवेचकों की जवाबदेही तय करने के लिए कहा गया।

एसएसपी ने सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों की निरंतर निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, संगठित अपराध एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने नशा तस्करों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाकर उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा PIT-NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश भी दिए।

अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट अधिकारियों को जनसंवाद बढ़ाने और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

इस दौरान एनआईसी ऊधम सिंह नगर के डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर अनिल कुमार राणा ने प्रधानमंत्री राहत योजना, राहवीर योजना एवं ई-डीएआर पोर्टल के संबंध में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी दी तथा सड़क दुर्घटना मामलों में समयबद्ध कार्रवाई और पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने कर्तव्य पालन में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा अन्य पुलिस कर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *