पत्नी की हत्या कर पति फरार, क्षेत्र में सनसनी घरेलू विवाद में डंडे से हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

पत्नी की हत्या कर पति फरार, क्षेत्र में सनसनी

घरेलू विवाद में डंडे से हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

अल्मोड़ा,  सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में एक महिला की कथित हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। गुरुवार देर रात हुई घटना की सूचना मिलते ही सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह रानीखेत से क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।

पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार आबिद अली ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कराई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *