चार शोरूमों में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

चार शोरूमों में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। मुख्य बाजार क्षेत्र के चार शोरूमों में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 25,500 रुपये नकद तथा एक आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 14 मई की रात मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित चार अलग-अलग शोरूमों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में आदित्य भनोट, अंकित नरूला और मधुर मेहंदीरत्ता की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त तीन टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से परीक्षण किया। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आते-जाते दिखाई दिए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम राजस्थान के जयपुर और बाद में बांसवाड़ा पहुंची। वहां संदिग्धों की पहचान प्रवीण उर्फ गुडिया उर्फ गुड्डू मईड़ा, रायचंद सिंह मईड़ा और राजू उर्फ रजिया के रूप में हुई। तीनों आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को रामपुर-बिलासपुर रोड से रायचंद सिंह मईड़ा पुत्र मांगिया मईड़ा निवासी पिपलवा माही डैम रोड, कोतवाली सिटी बांसवाड़ा, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 25,500 रुपये नकद और एक आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक मामले में वांछित आरोपी प्रवीण उर्फ गुडिया उर्फ गुड्डू मईड़ा तथा राजू उर्फ रजिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह खत्री, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, हिमांशु, शुभम सैनी, पंकज बिनवाल तथा भूपेंद्र आर्या शामिल रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *