*प्रेम प्रसंग में भाई ने बहन और उसके कथित प्रेमी को मारी गोली, दो की मौत* *झबरेड़ी कलां गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, वारदात के बाद आरोपी फरार*

*प्रेम प्रसंग में भाई ने बहन और उसके कथित प्रेमी को मारी गोली, दो की मौत*

*झबरेड़ी कलां गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, वारदात के बाद आरोपी फरार*

हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक ने अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले उसके कथित प्रेमी को गोली मार दी। दोनों को परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी सिंह पर अपनी 22 वर्षीय बहन रूपा और पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह अमन ने पहले पड़ोसी युवक सूरज को गोली मारी। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। दोनों के सीने में गोली लगी।

गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग दोनों घायलों को झबरेड़ा के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी अमन मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, एसएचओ मंगलौर भगवान मेहर, एसएसआई दीप कुमार और झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली और जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी भाई अपनी बहन और पड़ोसी युवक के कथित संबंधों से नाराज था। हालांकि पुलिस ने अभी मामले को आधिकारिक रूप से ऑनर किलिंग नहीं माना है। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार आरोपी अमन की तलाश की जा रही है। पुलिस को आरोपी के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा उसके स्थानीय स्तर पर किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस स्तर से पुष्टि की जा रही है।

पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, दोहरे हत्याकांड के बाद झबरेड़ी कलां गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement