डीपीएस रुद्रपुर मे राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक जीत बढ़ाया गौरव

राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक जीत बढ़ाया गौरव

राष्ट्रीय फेंसिंग में छाए खिलाड़ी, नव्या, वंश और मन्नत ने जीते स्वर्ण पदक

फॉयल, एपी और सेबर में दिखी प्रतिभा, राष्ट्रीय फेंसिंग में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

रुद्रपुर में राष्ट्रीय फेंसिंग का रोमांच, कैडेट और जूनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते पदक


रुद्रपुर, 27 सितंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की फॉयल, एपी और सेबर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने तकनीक, गति, सटीकता और शानदार फुटवर्क का प्रदर्शन किया। पदक के लिए खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन कैडेट महिला सेबर वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल पटियाला की नव्या शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। बेंगलुरु के विबग्योर हाई स्कूल की कांटा थारुणिका ने रजत, जबकि संस्कृति मॉडर्न स्कूल की गीतिका चौहान और शिव नादर स्कूल नोएडा की नंदिनी जैन ने कांस्य पदक जीते।

कैडेट पुरुष सेबर वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2, बीईजी रुड़की के वंश वंश ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल करनाल के रैयान रैयान को रजत पदक मिला। नॉर्थ प्वाइंट हायर सेकेंडरी स्कूल मणिपुर के किशोरजीत सिंह थोंगाम और आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2, बीईजी रुड़की के नैन ध्रुव ने कांस्य पदक हासिल किया।

जूनियर महिला फॉयल वर्ग में डीपीएस रुद्रपुर की मन्नत कौर ने स्वर्ण और इसी स्कूल की श्विति कुमार ने रजत पदक जीता। एम्पायरियन स्कूल मुंबई-रायगढ़ की फातिमा खान रिदा और एलेनहाउस पब्लिक स्कूल वसुंधरा, गाजियाबाद की शानवी वर्मा को कांस्य पदक मिला।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य कोषाधिकारी (सीटीओ) ऊधम सिंह नगर पंकज शुक्ला, जीएस फार्मा के प्लांट हेड दुर्गा महापात्र, जीबी पंत विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर संजीव सुमन और रुद्रपुर सॉल्वेंट के अंकित बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न मुकाबलों का अवलोकन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने डीपीएस रुद्रपुर में इतने बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित किए जाने की भी सराहना की।

26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

डीपीएस रुद्रपुर में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर के विद्यालयों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक और आयोजन अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं के मुकाबले जारी रहेंगे। प्रतियोगिता का समापन 2 अक्टूबर को होगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement