किच्छा में फ्लाईओवर के बजाय चार अंडरपास बनाने का सुझाव, डीएम को सौंपा ज्ञापन
किच्छा। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने गुरुवार को उप जिलाधिकारी गौरव पांडे के माध्यम से जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर को ज्ञापन सौंपकर किच्छा में प्रस्तावित फ्लाईओवर के स्थान पर चार अंडरपास बनाने का सुझाव दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रथम अंडरपास देवरिया से किच्छा शहर, दूसरा किच्छा शहर से दरऊ चौराहा, तीसरा सिरौली से पंतपुरा चौराहा तथा चौथा एनएच-74 पर पुलभट्टा से बरेली की ओर जाने वाले टी-पॉइंट पर बनाया जाए। डॉ. उपाध्याय ने दावा किया कि इन चार अंडरपासों के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि करीब तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से सरकारी धन की बचत होगी। साथ ही फ्लाईओवर निर्माण से व्यापार प्रभावित होने की आशंका जता रहे स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिलेगी और आम जनता को सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।
उप जिलाधिकारी गौरव पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्ताव को जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच-74) को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा, हाजी रशीद अहमद (जक्कू भाई), उत्तराखंड किसान कांग्रेस के महामंत्री हाजी महिपाल सिंह बोरा, मुनीम पांडे, जलाल दानिश, सूरजपाल, राजू कश्यप, प्रवेश गंगवार, विनोद जोशी, जमील अहमद, मजीद, शहनाज, खालिद, इकबाल अहमद, विनोद तिवारी, बाबू भाई सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







