*भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें: मीना शर्मा*
*भूतबंगला रामलीला में सीता हरण तक की लीला का हुआ मंचन, अतिथियों का किया स्वागत*
रुद्रपुर। भाजपा नेत्री एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों हिंदुओं के आराध्य हैं और कण-कण में विद्यमान हैं। उनके स्मरण मात्र से मन को शांति और दुखों से लड़ने की शक्ति मिलती है। हम सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और समाज में फैली बुराइयों एवं कुरीतियों का डटकर मुकाबला करना चाहिए।
श्रीमती मीना शर्मा भूतबंगला स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम हनुमान देवी जागरण मंडल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन कर रही थीं। इस अवसर पर शहर के प्रमुख समाजसेवी बिट्टू छाबड़ा, विक्की छाबड़ा, पूर्व सभासद कालीचरण वाल्मीकि और भाजपा नेता अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के सदस्यों ने सभी अतिथियों का पीत वस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मीना शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलता है।
वहीं, वृंदावन से आए कलाकारों ने रामलीला के दौरान शूर्पणखा प्रसंग से लेकर सीता हरण तक की लीलाओं का सुंदर मंचन किया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनोद वर्मा, विजय गुप्ता, राजेश गुप्ता, बिट्टू शर्मा और जगदीश श्रीवास्तव सहित कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


