*भगवान परशुराम चौक को मिला भव्य स्वरूप, प्रतिमा का अनावरण कर सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण*
*पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम, विधायक निधि से कराया गया चौक का विकास*
रुद्रपुर। शहर के परशुराम चौक को नया और भव्य स्वरूप मिल गया है। भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा के अनावरण के साथ ही चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक की उपस्थिति में किया गया। विधायक शिव अरोरा की विधायक निधि से कराए गए इस कार्य के बाद चौक की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
प्रतिमा को पुष्पमालाओं से सजाया गया। अनावरण के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। चौक के सौंदर्यीकरण के बाद इसे शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।
सभी बधाई के पात्र : मदन कौशिक
पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा की स्थापना और चौक के सौंदर्यीकरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिमा और चौक का आकर्षक स्वरूप सभी को अपनी ओर आकर्षित करेगा। इस कार्य से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भगवान परशुराम से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।
परशुराम चौक की भव्यता बढ़ाना सौभाग्य : शिव अरोरा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भगवान परशुराम का विराट व्यक्तित्व युगों से समाज को प्रेरणा देता आ रहा है। उनके नाम पर स्थापित परशुराम चौक का सौंदर्यीकरण कराने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप और सिडकुल क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन इस चौक से होकर गुजरते हैं। चौक को इस तरह विकसित किया गया है कि इसकी भव्यता और दिव्यता दूर से ही दिखाई देती है। विधायक निधि से कराए गए सौंदर्यीकरण का उद्देश्य चौक को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और शहर की पहचान से जोड़ना है। उन्होंने कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वामी श्री नारायण चैतन्य जी महाराज, स्वामी शिवानंद महाराज, भारत भूषण चुघ, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, चंद्रकांत द्विवेदी, आरपी पांडेय, संजीव पाठक, राहुल दुबे, हितेंद्र त्रिपाठी, सुरेश चंद शर्मा, इंद्रदेव, वी.डी. शर्मा, रमेश मिश्रा, ब्राह्मण महासभा के संरक्षक हरिओम शर्मा, कपिल शर्मा, झम्मन लाल, देवेंद्र गोस्वामी, विशाल शर्मा और दीपक जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


