रुद्रपुर। श्री नर नारायण सेवाश्रम, ग्रीन पार्क के पीछे कौशलगंज में आयोजित 49वां वार्षिकोत्सव, 24 प्रहर अखंड महानाम संकीर्तन एवं विशाल भंडारे के साथ विधिवत संपन्न हो गया। समापन समारोह में उत्तराखंड चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश सह-संयोजक भारत भूषण चुघ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय अखंड महानाम संकीर्तन का आयोजन 1 से 5 मई तक स्वामी भावानंद ब्रह्मचारी के निर्देशन एवं स्वामी सेवानंद दास के संचालन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ, जिसके बाद रासलीला दर्शन, नगर कीर्तन एवं भारत मिलन वेला जैसे धार्मिक आयोजन संपन्न हुए।
मुख्य अतिथि भारत भूषण चुघ ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन का श्रवण करने से मनुष्य को मानसिक शांति और आध्यात्मिक सुख की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बढ़ता है, साथ ही सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में भी मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में शेखर विश्वास, दलजीत सिंह गोराया, राजेश हालदार, अमित गोड, पूरन पांडे, चंद्रप्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







