*मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, पूर्व विधायक ठुकराल धरने पर बैठे* *निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, चेतावनी- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आमरण अनशन*

Spread the love

*मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, पूर्व विधायक ठुकराल धरने पर बैठे*

*निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, चेतावनी- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आमरण अनशन*

रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं और फर्जी आपत्तियां लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया। बाद में उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

धरने को संबोधित करते हुए ठुकराल ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ वार्डों, मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन का कार्य कर रहे हैं, लेकिन सैकड़ों बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है। आरोप लगाया कि इन आपत्तियों को अब तक जांच और निस्तारण के लिए संबंधित बीएलओ के पास नहीं भेजा गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पूर्व विधायक ने दावा किया कि उनकी माता दर्शना रानी के नाम पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई, जबकि संबंधित आपत्तिकर्ता ने स्वयं ऐसी कोई आपत्ति दर्ज कराने से इनकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई आपत्तियों पर आपत्तिकर्ताओं के हस्ताक्षर तक नहीं हैं और वर्षों से स्थायी रूप से निवास कर रहे लोगों के नाम पर भी फर्जी आपत्तियां दर्ज की गई हैं।

ठुकराल ने इसे वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने का सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी और वह स्वयं एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने सभी फर्जी आपत्तियों की जांच कर वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *