*_भारतीय वनडे टीम का हुआ ऐलान, सिराज की वापसी, बुमराह-हार्दिक को रेस्ट, गायकवाड ड्रॉप_*
नईदिल्ली: न्यूजीलैंड की टीम इसी महीने भारत का दौरा करने वाली है. जहां वो तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने वाली है. वनडे सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी के बीच खेली जाएगी. जिसके लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है.
टीम में हुए तीन बड़े बदलाव
टीम में कुछ बदलाव देखने को मिले हैं. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए सीरीज से आराम दिया गया है. जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को टीम से ड्रॉप कर दिया गया है, जिनको कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में गिल की स्थान पर टीम में शामिल किया गया था. वहीं वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को भी चुना गया है लेकिन उनकी उपलब्धता BCCI के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर होगी.
सिराज की वापसी, शमी नजरअंदाज
मोहम्मद सिराज दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच मिस करने के बाद वनडे में वापस लौटे हैं. प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा मिलकर घरेलू मैदान पर ब्लैककैप्स के खिलाफ एक मजबूत तेज गेंदबाजी अटैक बनाएंगे. बंगाल के लिए खेलते हुए मौजूदा घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद शमी को सेलेक्टर्स ने एक बार फर नजरअंदाज कर दिया है.
भारत के स्पिन अटैक में लेफ्ट-आर्म रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव, लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर रवींद्र जडेजा और ऑफ-स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर टीम में शामिल हैं. हार्दिक पांड्या को आराम दिए जाने के कारण, नीतीश कुमार रेड्डी टीम में सीम बॉलिंग ऑलराउंडर का ऑप्शन देंगे. जबकि शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर एक मजबूत बैटिंग यूनिट बनाएंगे.
न्यूजीलैंड सीरीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल
न्यूजीलैंड बनाम भारत वनडे सीरीज 2026
11 जनवरी, पहला ODI, वडोदरा
14 जनवरी, दूसरा ODI, राजकोट
18 जनवरी, तीसरा वनडे, इंदौर







