### गांधी पार्क में 30 नवंबर को सजेगा बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार, कन्हैया मित्तल देंगे भजनों की प्रस्तुति
29 नवंबर को निकलेगी भव्य निशान यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
रुद्रपुर। गांधी पार्क में 30 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री श्याम संकीर्तन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया जा रहा है। कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर श्याम प्रेमियों में उत्साह है और रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक शिव अरोरा ने शनिवार को गांधी पार्क में पत्रकार वार्ता कर आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को गांधी पार्क में बाबा खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा। यहां श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर भजन-कीर्तन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कन्हैया मित्तल अपनी भजन प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि संकीर्तन में रुद्रपुर के अलावा बिलासपुर, किच्छा, गदरपुर, रामपुर, हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, अन्य व्यवस्थाओं और भंडारे की तैयारी की जा रही है।
### 29 नवंबर को निकलेगी निशान यात्रा
मुख्य संकीर्तन से एक दिन पूर्व 29 नवंबर को भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर दो बजे गांधी पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजार होते हुए गल्ला मंडी पहुंचेगी। यहां स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में यात्रा का समापन होगा। विधायक शिव अरोरा ने इसे ऐतिहासिक निशान यात्रा बनाने की बात कही और बताया कि इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के निशान लेकर शामिल होंगे।
### श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था
30 नवंबर को गांधी पार्क में आयोजित संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। विधायक ने कहा कि श्री श्याम संकीर्तन आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का अवसर है, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से बाबा के भजनों में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक शिव अरोरा ने शहर और आसपास के क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान आयोजन की प्रचार सामग्री का विमोचन भी किया गया।
पत्रकार वार्ता में श्याम मंडल से विनीत जैन, संदीप राव, प्रीत ग्रोवर, मनोज छाबड़ा, राजेश कामरा, सुनील यादव, श्रीओम, विकास सागर, हिमांशु पारीक, मयंक कक्कड़, संजीव अरोरा, मनोज मित्तल, मनोज मदान, डंप्पी चोपड़ा समेत आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



