500/500 अंक लाकर डीपीएस रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने रचा इतिहास, CBSE मुख्यालय से मिला विशेष आमंत्रण

500/500 अंक लाकर डीपीएस रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने रचा इतिहास, CBSE मुख्यालय से मिला विशेष आमंत्रण

500 में 500 अंक, हर्षा बनी प्रदेश की प्रेरणा

मेहनत और अनुशासन से हर्षा ने छुआ सफलता का शिखर

हर्षा को सीबीएसई पॉडकास्ट में शामिल होने का निमंत्रण

अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग से हर्षा ने रचा इतिहास

परफेक्ट स्कोर के साथ हर्षा ने बढ़ाया जिले और प्रदेश का मान

 

रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर की मेधावी छात्रा हर्षा ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ जनपद व प्रदेश में भी हर्ष का माहौल है।

हर्षा की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) मुख्यालय, नई दिल्ली ने विशेष आमंत्रण देकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर हर्षा के साथ उनके अभिभावक एवं विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर व वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर भी उपस्थित रहे।

समारोह में सीबीएसई के सचिव हिमांशु गुप्ता (आईएएस), परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज तथा निदेशक (संबद्धता) जे.पी. चतुर्वेदी ने हर्षा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनती हैं। साथ ही संयम भारद्वाज ने हर्षा को सीबीएसई पॉडकास्ट में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया।

सीबीएसई अधिकारियों ने हर्षा के अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की। साथ ही विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण को इस सफलता का आधार बताया।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और आगे भी उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

हर्षा की इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement