महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष को घेरा, जनता देगी जवाब: भारत भूषण चुघ

महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष को घेरा, जनता देगी जवाब: भारत भूषण चुघ

रुद्रपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं को आरक्षण देने के उद्देश्य से भाजपा सरकार द्वारा प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और टीएमसी सहित अन्य विपक्षी दलों ने इसके खिलाफ मतदान किया, जिसके कारण बिल पारित नहीं हो सका।

चुघ ने इसे देश की करोड़ों महिलाओं के साथ बड़ा विश्वासघात बताते हुए कहा कि कई दशकों से लंबित इस महत्वपूर्ण बिल को भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं की संसद में भागीदारी बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयासों के साथ प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद यह बिल लोकसभा में लाया गया, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते इसे पारित नहीं कराया जा सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सदन में बिल के महत्व को विस्तार से समझाया, बावजूद इसके विपक्ष ने इसका विरोध कर महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया। चुघ ने कहा कि विपक्ष केवल प्रधानमंत्री के विरोध में इस हद तक चला गया है कि वह देशहित के किसी भी निर्णय को स्वीकार करने को तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि जनता इस रवैये को भली-भांति समझ रही है और आने वाले समय में विपक्षी दलों को इसका जवाब देगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं भी इस मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देने के लिए तैयार हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement