सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Spread the love

सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

रुद्रपुर/जसपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले उपद्रवियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जसपुर पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को नई बस्ती भट्टा कॉलोनी, पतरामपुर रोड निवासी रईस अहमद ने थाना जसपुर में तहरीर देकर बताया कि उनका छोटा भाई मोहम्मद मोहसिन अपने मित्र मोहम्मद वली के साथ बाइक से घर लौट रहा था। धर्मकांटा के पास पहुंचने पर सामने से आई एक सफेद कार और उसके पीछे चल रही काले रंग की वेन्यू कार में सवार लोगों ने दोनों को रोक लिया।

आरोप है कि फैजान, मोहम्मद शोएब, फैज आलम, हुसैन तथा उनके अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। इसी दौरान वेन्यू कार चला रहे एजाज ने मोहसिन को जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसका परीक्षण किया और आरोपियों की पहचान की।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जसपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फैजान पुत्र इदरीश, मोहम्मद शोएब पुत्र मोहम्मद सुहैल तथा फैज आलम पुत्र अनीश अहमद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरीश आर्य, उपनिरीक्षक रुचिका चौहान, उपनिरीक्षक राजेन्द्र मौनियाल, उपनिरीक्षक हरीश प्रसाद तथा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *