*विधायक निधि से तीन छठ घाटों पर हुए विकास कार्यों का बेहड़ ने किया लोकार्पण*
*इंदरपुर, पक्की खमरिया और पंतनगर में 9.27 लाख रुपये से कराए गए कार्य, स्थानीय लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा*
किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपनी विधायक निधि से 9 लाख 27 हजार रुपये की लागत से इंदरपुर, पक्की खमरिया और पंतनगर में कराए गए तीन विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रवासी और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक निधि से कराए गए कार्यों में इंदरपुर स्थित श्मशान घाट एवं छठ घाट के पास भू-कटाव रोकने के लिए 3 लाख 57 हजार रुपये, ग्राम पक्की खमरिया में टेढ़ी पुलिया से नहर किनारे तक 1 लाख 70 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण तथा पंतनगर की मस्जिद कॉलोनी में पुलिया के समीप स्नान घाट पर 4 लाख रुपये की लागत से फर्श निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। विधायक निधि का उपयोग ऐसे कार्यों के लिए किया जा रहा है, जिनसे आम जनता को सीधे लाभ मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही घाटों के आसपास सुविधाओं का विस्तार, रास्तों का निर्माण और जलभराव व भू-कटाव जैसी समस्याओं का समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाई जा रही है। विकास कार्यों की गुणवत्ता और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, प्रेम आर्य, कफील मलिक, महेंद्र शर्मा, जनार्दन सिंह, दलजीत खुराना, शिवाजी सिंह, श्रवण कुमार, यादवेन्द्र त्रिपाठी, हरविंद्र सिंह मोंटी, मुन्ना तिवारी, हरभगवान रहेजा, जगदीश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


