*प्राचीन बस स्टैंड वाली श्री रामलीला का भूमि पूजन संपन्न*
रुद्रपुर। नगर की प्राचीन एवं ऐतिहासिक बस स्टैंड वाली श्री रामलीला के भव्य आयोजन की तैयारियों का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। श्री रामलीला ग्राउंड में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया गया। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रभु श्रीराम का किरदार निभा रहे मनोज अरोड़ा, बजरंगबली हनुमान की भूमिका निभा रहे सुशील गाबा सहित कमेटी पदाधिकारियों, सदस्यों, कलाकारों और रामभक्तों ने विधि-विधान से पूजन कर सफल आयोजन की कामना की।
कमेटी अध्यक्ष मनोज गाबा ने कहा कि बस स्टैंड वाली श्री रामलीला नगर की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत है। इसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का दायित्व कमेटी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला धार्मिक आयोजन के साथ ही समाज को मर्यादा, संस्कार, सत्य, त्याग और भाईचारे का संदेश देने का माध्यम है। सामूहिक सहयोग से इस वर्ष भी रामलीला को भव्य और गरिमामयी स्वरूप दिया जाएगा।
महामंत्री सुशील गाबा ने कहा कि भूमि पूजन के साथ ही प्रभु श्रीराम की पावन लीला के आयोजन का विधिवत शुभारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष अमित गंभीर सीए ने कहा कि रामलीला की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि कमेटी, कलाकारों, सहयोगियों और नगरवासियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए नगरवासियों से रामलीला में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की।
भूमि पूजन के दौरान रामभक्तों ने ‘बोल सियावर रामचंद्र भगवान की जय’ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
इस दौरान कमेटी समन्वयक राजेश छाबड़ा, श्री राम नाटक क्लब अध्यक्ष विशाल भुड्डी, महामंत्री गौरव तनेजा, हरीश सुखीजा, विजय अरोड़ा, विजय जग्गा, हरीश अरोड़ा, संदीप धीर, विजय विरमानी, रघुवीर अरोड़ा, जगदीश टंडन, महावीर आजाद, राकेश सुखीजा, राज घई, प्रेम खुराना, अनिल तनेजा, सचिन मुंजाल, मनोज मुंजाल, सचिन आनंद, नरेश छाबड़ा, रमन अरोड़ा, गुरशरण बब्बर शरणी, गोला इदरीसी, राज ग्रोवर, पुलकित बाम्बा, सिद्धांत ग्रोवर सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार और रामभक्त मौजूद रहे।


