*शिव एंक्लेव में आधी रात फायरिंग से दहशत*
*आधा दर्जन युवकों ने कई राउंड फायरिंग कर कारों में की तोड़फोड़, मोबाइल भी छीना*
रुद्रपुर। गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक के पास शिव एंक्लेव में बृहस्पतिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन युवकों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोप है कि युवकों ने कॉलोनी में खड़ी दो से तीन कारों में तोड़फोड़ की और एक युवक का मोबाइल फोन भी छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार शिव एंक्लेव स्थित एक मकान की ऊपरी मंजिल पर तीन युवतियां किराये पर रहती हैं, जबकि निचली मंजिल पर अन्य किराएदार रहते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे बिजली के बिल को लेकर नीचे रहने वाले किराएदार और ऊपर रहने वाली युवतियों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। नीचे रहने वाले किराएदार ने मकान मालिक को फोन कर बिजली के बिल के संबंध में जानकारी दी।
इसी बीच मकान में हो रहे शोर-शराबे को सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने ऊपर रहने वाली युवतियों के कमरे में युवकों के आने-जाने पर आपत्ति जताई। इस पर नीचे रहने वाले किराएदार ने बताया कि उस समय भी ऊपर के कमरे में एक युवक मौजूद है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
विवाद बढ़ता देख तीनों युवतियां मकान से बाहर निकल गईं। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद युवक भी वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह युवक पांच-छह अन्य युवकों के साथ वापस पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों के हाथों में तलवार और तमंचे थे। इसके बाद युवकों ने कई राउंड फायरिंग की और कॉलोनी में खड़ी दो से तीन कारों में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान एक युवक का मोबाइल फोन भी छीनने का आरोप है।
फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल युवक की कार अभी भी कॉलोनी में खड़ी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


