*दीनदयाल जयंती पर भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान*

*दीनदयाल जयंती पर भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान*

रुद्रपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के उनके विचार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ता गांधी पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और पार्क परिसर व आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता और जनसेवा के प्रति जागरूक किया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सेवा और अंत्योदय को अपने जीवन का आधार बनाया। उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा करने की प्रेरणा देते हैं। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, भाजपा नेत्री मीना शर्मा, प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक राजेश तिवारी, मोटर जिला अध्यक्ष विपिन सिंह गहलोत, जिला सह कार्यालय मंत्री सुरेंद्र चौधरी, किरण विर्क, पार्षद पवन राना, पार्षद बीनू सिंह, अभिषेक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement