*वरिष्ठजनों के अनुभव से शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा: विकास शर्मा* *दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, डिजिटल लाइब्रेरी में बनेगा विशेष केंद्र*

*वरिष्ठजनों के अनुभव से शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा: विकास शर्मा*

*दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, डिजिटल लाइब्रेरी में बनेगा विशेष केंद्र*

रुद्रपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागार में आयोजित वरिष्ठजन सम्मान समारोह में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को शॉल ओढ़ाकर तथा सम्मान पत्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि नगर निगम की ओर से प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी एवं ट्रेनिंग सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्थान विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता और वरिष्ठ भाजपा नेता वेद ठुकराल ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार आज भी समाज के समग्र विकास का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल सड़कों, नालियों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं होता, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और सुझाव भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर निगम समय-समय पर वरिष्ठजनों से संवाद कर उनके सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने का प्रयास करेगा।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी के उत्साह व तकनीकी ज्ञान के साथ जोड़कर शहर और समाज को नई दिशा दी जा सकती है। इसी उद्देश्य से नगर निगम वरिष्ठ नागरिकों को विकास प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में कार्य करेगा।

महापौर ने बताया कि किच्छा बाईपास मार्ग स्थित पुराने रजिस्ट्रार कार्यालय परिसर में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी एवं ट्रेनिंग सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के बैठने, आपसी संवाद और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। यहां कैरम, शतरंज सहित अन्य इनडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षक, अधिकारी, व्यापारी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं को मार्गदर्शन भी दे सकेंगे, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार और करियर संबंधी विषयों में लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है तथा भूरारानी और अटरिया मार्ग के चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर भी कार्य किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की मजबूत नींव हैं और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे कार्यक्रम वरिष्ठजनों को सम्मान देने के साथ उन्हें समाज और विकास की प्रक्रिया से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सतीश अरोरा ने किया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement