भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग का निर्माण शुरू
2.47 करोड़ की लागत से पांच किमी सड़क का होगा हॉटमिक्स निर्माण, 12-15 साल से जर्जर मार्ग से मिलेगी राहत
रुद्रपुर। भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग के निर्माण कार्य का शुक्रवार को विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। राज्य योजना के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 2.47 करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबे मार्ग का हॉटमिक्स निर्माण कराया जा रहा है। सड़क लंबे समय से जर्जर होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शुभारंभ अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह सिडकुल-हल्द्वानी मार्ग से जुड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व आसपास के क्षेत्रों के नागरिक इसका उपयोग करते हैं। पिछले 12 से 15 वर्षों से सड़क की हालत खराब थी। जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बीते वर्षों में बड़ी संख्या में नई कॉलोनियां विकसित होने से मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ा है। क्षेत्रवासियों से करीब दो वर्ष पूर्व किए गए सड़क निर्माण के वादे को पूरा करते हुए इसे राज्य योजना में स्वीकृत कराया गया। अब लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। लंबे समय से खराब पड़े मार्गों के निर्माण और सुधार के साथ सड़क, जल निकासी समेत मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग के निर्माण से आसपास के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ सिडकुल और हल्द्वानी मार्ग की कनेक्टिविटी भी सुगम होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। मार्ग का निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का मिष्ठान खिलाकर आभार जताया।
इस दौरान छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, वरिष्ठ नेता गुलाब सिरोही, दीपनारायण मौर्य, साहब सिंह, शमशेर सिंह शेरा, गोविंदर सिंह, हरदयाल सिंह, गुरमेज सिंह, प्रदीप नामधारी, आसदीप नामधारी, मनोज चौबे, सेवा सिंह, अनिल राजभर, लोकेश परिहार, नरेंद्र सिरोही, पुष्पेंद्र सिरोही और जितेंद्र सिरोही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


