*2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन शुरू* *बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठन की मजबूती पर जोर, सरकार की योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के कामकाज का लिया जाएगा फीडबैक*

*2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन शुरू*

*बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठन की मजबूती पर जोर, सरकार की योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के कामकाज का लिया जाएगा फीडबैक*
हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत की रणनीति को धार देने के लिए भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन बुधवार को हल्द्वानी में शुरू हो गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया जा रहा है।
कार्यसमिति की बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी दोपहर बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे।
कमजोर बूथों को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
इस बार प्रदेश कार्यसमिति को महज संगठनात्मक औपचारिकता के बजाय आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाले महामंथन में संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर बूथ स्तर की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सरकार की योजनाओं के धरातल पर असर को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा।
बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार संगठन की स्थिति की भी समीक्षा होगी। बूथ समितियों की सक्रियता, मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल और कमजोर बूथों को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों पर चर्चा होगी। साथ ही सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका का भी आकलन किया जाएगा।
मंत्री-विधायकों के कामकाज पर भी नजर
प्रदेश कार्यसमिति में मंत्रियों और विधायकों के कामकाज को लेकर मिलने वाले जमीनी फीडबैक को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल, जनता के बीच सक्रियता और संगठन के साथ समन्वय जैसे विषयों पर जिला पदाधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। जिन क्षेत्रों में सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लेकर असंतोष है, वहां की स्थिति पर भी संगठन गंभीरता से विचार करेगा।
सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच रहकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनहित के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के आधार पर भाजपा मजबूत स्थिति में रहेगी।
संगठन की मजबूती ही जीत का आधार : महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी तैयारी के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए बूथ और मंडल स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी।
कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement