*एमबीपीजी कॉलेज में तमंचा लेकर घुसा युवक, छात्रों ने दबोचा*
*तलाशी में हथियार मिलने का दावा, छात्रों ने की पिटाई; पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच*
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक कथित तौर पर तमंचा लेकर कॉलेज परिसर में पहुंच गया। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर छात्रों ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पिस्टलनुमा हथियार बरामद होने की बात सामने आई। आक्रोशित छात्रों ने युवक की पिटाई करने के बाद उसे प्राचार्य कक्ष में पहुंचा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर एमबीपीजी कॉलेज में पिछले कुछ समय से लगातार गतिविधियां चल रही हैं। इस दौरान कई बार हंगामा और विवाद की घटनाएं सामने आने से परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बुधवार को हथियार लेकर युवक के कॉलेज परिसर में पहुंचने की घटना से छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्रों का कहना है कि यदि संदिग्ध युवक को समय रहते नहीं पकड़ा जाता तो कोई गंभीर घटना हो सकती थी।
घटना के बाद छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव कर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। छात्रों ने आरोप लगाया कि बाहरी और असामाजिक तत्वों के परिसर में प्रवेश पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए।
छात्रों ने यह भी सवाल उठाया कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद विद्यार्थियों और अन्य लोगों को बिना परिचय पत्र की जांच के परिसर में प्रवेश कैसे मिल रहा है। उनका कहना है कि प्रवेश द्वार पर सख्ती नहीं होने के कारण बाहरी लोगों के कॉलेज परिसर में पहुंचने की आशंका बनी रहती है। हथियार लेकर युवक के पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को और उजागर कर दिया है।
इधर, प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि बरामद हथियार पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। युवक के पास हथियार कहां से आया और वह कॉलेज परिसर में कैसे प्रवेश कर गया, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।