जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, एसएसपी का पुतला फूंका
एसआईआर को लेकर कांग्रेस की बैठक, गणेश उपाध्याय ने मतदाता सूची पर निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश
सितारगंज। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने के विरोध में बुधवार को सितारगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसी दमनकारी कार्रवाई से न डरेंगे और न ही पीछे हटेंगे।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हिमांशु गाबा, प्रदेश महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय, वरिष्ठ नेता नवतेज पाल सिंह, राम नगीना, हरपाल सिंह, जगदीश सिंह, हरभजन सिंह, प्रदेश सचिव बिपिन खोलिया, नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, बलवंत सिंह बोरा, हस्बैंड मलिक, अख्तर अहमद पटोती सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यालय में एसआईआर को लेकर बैठक भी हुई। जिले के मास्टर ट्रेनर डॉ. गणेश उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं से शेष दो दिनों में मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराकर चुनिंदा वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सतर्कता के साथ एसआईआर प्रक्रिया पर नजर रखने की अपील की।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता में आक्रोश है और आने वाले समय में कांग्रेस मजबूत होकर उभरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि कांग्रेस का समय आने वाला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मनमुटाव दूर कर पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनाव में जिसे भी पार्टी प्रत्याशी बनाए, उसके साथ एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।







