*पुलिस मुठभेड़ में लूट और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली*
*नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक से लूट और आपराधिक कृत्य के मामले में पुलिस की कार्रवाई, तमंचा, कारतूस, नकदी व बाइक बरामद*
नानकमत्ता। नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ लूट, मारपीट और गंभीर आपराधिक कृत्य के मामले में फरार चल रहे आरोपी को नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम 6/7 अगस्त की रात नानकमत्ता क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रुकने के बजाय टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।
पुलिस ने पीछा करते हुए करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में उसे घेर लिया। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी पैदल भागकर झाड़ियों में छिप गया और वहां से भी पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में घटना का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
तमंचा, नकदी और लूटा पर्स बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, भूरे रंग का पर्स, 1,220 रुपये भारतीय मुद्रा, 30 रुपये नेपाली मुद्रा, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (30) पुत्र मंजीत सिंह निवासी बेरीघाट, कोतवाली खटीमा, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक राजेन्द्र पंत, उप निरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी और चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा शामिल रहे।







