*हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प, भाजपा की जिला कार्यशाला संपन्न*
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी ऊधमसिंह नगर की ओर से मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने का आह्वान किया।
सह प्रभारी साकेत अग्रवाल ने अभियान की कार्ययोजना और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पण के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे।
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को सशक्त करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।
मुख्य वक्ता गुंजन सुखीजा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके राष्ट्रवादी विचारों को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पाल राणा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेतृपाल मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, गंभीर धामी व मोहिनी पोखरिया, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल चौहान सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।







