पंतनगर विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुलपति से की मुलाकात

Spread the love

पंतनगर विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुलपति से की मुलाकात

 

किच्छा। संजय कॉलोनी एवं मस्जिद कॉलोनी को पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा दिए गए नोटिस सहित विभिन्न जनहित एवं कर्मचारी हित से जुड़े मामलों को लेकर क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पंतनगर विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद के सदस्य राजेश शुक्ला ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से तराई भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने 16 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

 

शुक्ला ने कहा कि संजय कॉलोनी एवं मस्जिद कॉलोनी के निवासी पिछले 50-60 वर्षों से वहां निवास कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें उजाड़ने संबंधी नोटिस जारी किया जाना अनुचित एवं अव्यावहारिक है तथा यह विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र का विषय नहीं है।

 

उन्होंने वर्ष 2003 से कार्यरत उन कर्मचारियों को शीघ्र नियमित किए जाने की मांग की, जिनके संबंध में न्यायालय द्वारा नियमितीकरण के आदेश दिए जा चुके हैं। साथ ही कैंपस स्कूल के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आवासों का किराया अन्य विश्वविद्यालय कर्मचारियों की भांति लिए जाने तथा उनसे 20 प्रतिशत बाह्य कर वसूलने की व्यवस्था समाप्त किए जाने की मांग की।

 

उन्होंने श्रमिकों के बढ़े हुए भत्ते का भुगतान शीघ्र किए जाने एवं उसमें किसी प्रकार की कटौती न किए जाने, 10 वर्षों से कार्यरत ठेका श्रमिकों को नियमित करने, विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं श्रमिकों को गोल्डन कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने तथा पंतनगर बड़ी मार्केट के आवासीय भवनों के जीर्णोद्धार की मांग भी उठाई।

 

इसके अतिरिक्त हल्दी क्षेत्र की क्षतिग्रस्त मार्केट के व्यापारियों को अन्यत्र दुकानें उपलब्ध कराने, ठेका कर्मचारियों के वेतन से 18 प्रतिशत जीएसटी की कटौती समाप्त करने, ठेका श्रमिकों को अन्य संस्थानों के अकुशल श्रमिकों के समान वेतन प्रदान करने तथा ठेका पर कार्यरत महिला श्रमिकों एवं कर्मचारियों को उत्तराखंड सरकार के शासनादेश के अनुरूप बाल्य देखभाल अवकाश (चाइल्ड केयर लीव) प्रदान किए जाने की मांग रखी।

 

शुक्ला ने विश्वविद्यालय चिकित्सालय में अन्य राजकीय चिकित्सालयों की भांति निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराने एवं ईएसआई चिकित्सक की नियुक्ति किए जाने, विश्वविद्यालय कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति समूह बीमा योजना का लाभ देने, शिक्षकों को कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के अंतर्गत लंबित प्रोन्नतियां प्रदान करने तथा नोशनल इंक्रीमेंट की मांग पूरी करने का भी आग्रह किया।

 

उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं विषय वस्तु विशेषज्ञों को सेवा शर्तों के अनुरूप विश्वविद्यालय शिक्षक का दर्जा दिए जाने की मांग करते हुए परिसर स्थित पार्कों एवं बस्तियों के सौंदर्यीकरण, सड़कों, शौचालयों एवं स्ट्रीट लाइटों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा इस कार्य में नगर पालिका का सहयोग लिए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

ज्ञापन सौंपने के उपरांत पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप के मध्य लगभग एक घंटे तक सभी बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा हुई। कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *