*12 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद*

*12 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद*

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर बाजपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप 12 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त को संजय कॉलोनी निवासी गवेशकर ने शुगर फैक्ट्री मैदान से अपनी बजाज प्लेटिना (यूके18-1075) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली बाजपुर में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, 3 अगस्त को उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी यूनुस ने राज अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर से अपनी पैशन प्रो (यूपी22एम-5441) चोरी होने की तहरीर दी, जिस पर दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान शुगर फैक्ट्री बाजपुर क्षेत्र से गौतम टीडा, फईम अली उर्फ फायम अली, कमल सिंह और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाजपुर के दोनों मुकदमों से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिलों के अलावा गदरपुर थाने में दर्ज एक अन्य वाहन चोरी के मामले की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके06-एबी-3174) भी बरामद की है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मनराल, उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल इरफान और कांस्टेबल त्रिभुवन पडालिया शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement