*फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती की आपत्तिजनक फोटो वायरल, आरोपी की पहचान*

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती की आपत्तिजनक फोटो वायरल, आरोपी की पहचान

पिथौरागढ़। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक युवती की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पिथौरागढ़ पुलिस ने नैनीताल जिले के धानाचूली निवासी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जिले की एक युवती ने कोतवाली पिथौरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी, जिससे उसे मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

शिकायत के बाद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान मामले में नैनीताल जिले के धानाचूली निवासी विनोद कुमार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने धानाचूली पहुंचकर आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लिया और आवश्यक डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए।

सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी की निजी तस्वीरों और पहचान का दुरुपयोग न करने की अपील की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement