*ज्योलीकोट में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी टैक्सी, चालक समेत दो गंभीर घायल*

Spread the love

*ज्योलीकोट में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी टैक्सी, चालक समेत दो गंभीर घायल*

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में गुरुवार को एक टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन में सवार अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी निखिलेंद्र सिंघल अपने साथियों सिद्धार्थ प्रताप सिंह, निखिल त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह और आदर्श मिश्रा के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए थे। गुरुवार को सभी पर्यटक तल्लीताल से हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह की टैक्सी से वापस लौट रहे थे।

बताया गया कि टैक्सी ज्योलीकोट नंबर-1 बैंड से कुछ आगे पहुंची ही थी कि एक हल्के मोड़ पर तेज गति के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। टैक्सी पहले सड़क किनारे रखे सुरक्षा पत्थरों से टकराई और फिर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में चालक संग्राम सिंह तथा पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि अन्य पर्यटकों को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों और वाहन में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *