रामनगर के हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, 10 महिलाएं मुक्त

Spread the love

रामनगर के हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, 10 महिलाएं मुक्त

रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार के आरोप में 51 आरोपी गिरफ्तार

रिसॉर्ट में शराब, डांस और कथित ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ का खुलासा, मैनेजर फरार

एसओजी-एएचटीयू की संयुक्त रेड, हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट से बड़ा खुलासा

रामनगर। नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में संचालित कथित सेक्स रैकेट, अश्लील डांस पार्टी और अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। मौके से 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज सिंह कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में चार जुलाई को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई 10 महिलाएं मिलीं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी। मौके पर मौजूद लोगों पर अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी आयोजित करने, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराने तथा उन पर नोट उड़ाने के आरोप हैं।

पुलिस ने सभी 51 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 व 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार, निवासी मेरठ, ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि उसने करीब 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था करने को कहा था। चार से पांच जुलाई तक के लिए रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सुनील कुमार के माध्यम से राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई थी। पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि किसी भी आगंतुक का विवरण रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इस आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया। जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, 10 रुपये मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स बरामद किए हैं। मोबाइल फोन से कार्यक्रम के आयोजन और महिलाओं से संबंधित फोटो व चैट भी मिली हैं।

इस प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *