दो कच्चे मकानों में भीषण आग, सिलेंडर फटने से ग्रामीण घायल
नकदी, जेवरात समेत लाखों का सामान राख, समाजसेवियों ने पहुंचाई राहत
आग से लाखों की क्षति, संजय ठुकराल ने तत्काल राहत सामग्री पहुंचाई
अग्निकांड से बेघर हुए परिवारों के साथ खड़े दिखे संजय ठुकराल
शिवपुरी अग्निकांड: संजय ठुकराल ने राहत सामग्री देकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला
रुद्रपुर। खानपुर पूर्व क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में दो कच्चे मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की चपेट में आने से घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे उसके लोहे के टुकड़ों की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना के समय दोनों परिवारों के सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुरी निवासी श्रुति शिकारी पत्नी मिथुन शिकारी तथा दर्शन दास पुत्र सुनील दास के मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं। मंगलवार सुबह परिवार के लोग काम पर निकले हुए थे। इसी दौरान एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसी बीच घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट से उड़े लोहे के टुकड़ों की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दोनों मकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़िता श्रुति शिकारी ने बताया कि आग में घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा घरेलू उपयोग का समस्त सामान जलकर राख हो गया। वहीं दर्शन दास के घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड में दोनों परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश मिस्त्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।







