दन्या में सीएम धामी ने किया ₹4.96 करोड़ की लागत से बने महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, कई विकास योजनाओं की घोषणा

Spread the love

दन्या में सीएम धामी ने किया ₹4.96 करोड़ की लागत से बने महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, कई विकास योजनाओं की घोषणा

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग ₹4.96 करोड़ की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण, चमतोला खेल मैदान के विकास, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य का रुख कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि श्री जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। धाम में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान देकर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *