रूद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस में तीन शवों का पोस्टमार्टम, सुशील गाबा ने जताई संवेदनाएं
एनएचएआई से सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
सड़क हादसों पर गंभीर हुए सुशील गाबा, सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग
सुशील गाबा बोले, सर्विस रोड जंक्शनों पर जरूरी हैं ब्रेकर
लगातार हादसों से दहला क्षेत्र, सुशील गाबा ने प्रशासन को घेरा
रूद्रपुर। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं एवं आकस्मिक मौतों के मामलों में शनिवार को रूद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस में तीन शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान समाजसेवी सुशील गाबा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार बागवाला क्षेत्र में टुकटुक चालक संतोष दास पुत्र वासुदेव (51) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि वह सर्विस रोड से मुख्य मार्ग पर आ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वैन ने उन्हें कुचल दिया। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। मौके पर पहुंचे सुशील गाबा को ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी ने बताया कि नई रिंग रोड पर सर्विस रोड से मुख्य मार्ग पर चढ़ने वाले स्थानों पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग कई बार परियोजना अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एक अन्य मामले में डग्गामार बस की चपेट में आने से संजय नामक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के तीन छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं। सुशील गाबा ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि बच्चों के पालन-पोषण में मदद मिल सके।
वहीं, कालीनगर निवासी गोपाल सरकार (52) की ब्रेन हेमरेज के चलते मृत्यु हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके अलावा पुलिस लाइन निवासी फॉलोवर नवीन सिंह की आकस्मिक मौत के बाद उनका भी पोस्टमार्टम कराया गया।
समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि महतोष क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। आए दिन लोग घायल हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक स्थानों पर ब्रेकर एवं अन्य सुरक्षा इंतजाम कराने चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए।







