किसानों का भुगतान रोककर सरकार कर रही अन्याय : डॉ. गणेश उपाध्याय

गन्ना किसानों का 81 करोड़ से अधिक भुगतान बकाया, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

गन्ना भुगतान जल्द करें, नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन : डॉ. गणेश उपाध्याय

किसानों के धैर्य की परीक्षा न ले सरकार : डॉ. गणेश उपाध्याय

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड में गन्ने का पिराई सत्र समाप्त हुए लगभग दो माह बीत चुके हैं, लेकिन प्रदेश की कई शुगर फैक्ट्रियों द्वारा किसानों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला शुगर फैक्ट्री पर किसानों का करीब 81 करोड़ 47 लाख रुपये बकाया है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, बाजपुर शुगर फैक्ट्री ने 29 दिसंबर 2025 तक का भुगतान किया था, जबकि अभी भी किसानों का 26 करोड़ 16 लाख 85 हजार रुपये बकाया है। नादेही शुगर फैक्ट्री ने 15 जनवरी 2026 तक भुगतान किया था, लेकिन 8 करोड़ 51 लाख 23 हजार रुपये का भुगतान लंबित है। वहीं, किच्छा शुगर फैक्ट्री ने 31 जनवरी 2026 तक भुगतान किया था, जबकि 20 करोड़ 51 लाख 67 हजार रुपये अब भी किसानों को मिलने बाकी हैं। डोईवाला शुगर फैक्ट्री ने 21 जनवरी 2026 तक भुगतान किया था, लेकिन 26 करोड़ 27 लाख 26 हजार रुपये का भुगतान अभी तक नहीं हो सका है।

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब किसान बैंक से ऋण लेता है तो उसी दिन से उस पर ब्याज लगना शुरू हो जाता है, ऐसे में क्या सरकार किसानों के बकाया भुगतान पर ब्याज देगी।

डॉ. उपाध्याय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों का बकाया जल्द नहीं चुकाया गया तो सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों और हितों के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार “कुंभकरणीय नींद” में सोई हुई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement