स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम का विरोध, बिना मीटर लगाए लौटी टीम
जनता के समर्थन में उतरे राजकुमार ठुकराल, विद्युत विभाग को लौटना पड़ा बैरंग
राजकुमार ठुकराल बोले- गरीबों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपना बर्दाश्त नहीं
रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध बढ़ने पर एसडीओ अनु मदान के नेतृत्व में पहुंची टीम को बिना स्मार्ट मीटर लगाए वापस लौटना पड़ा। इस दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी लोगों के समर्थन में विभागीय अधिकारियों से तीखी नाराजगी जताते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विद्युत विभाग की टीम विवेक नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
विरोध की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एसडीओ अनु मदान से कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में समान नीति अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पूंजीपतियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, उसके बाद आम जनता के घरों में लगाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के घरों में पहले स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, वहां बाद में पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की चर्चाएं सामने आई हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का किसी भी स्थिति में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर कई तरह की आशंकाएं हैं और जब तक इन शंकाओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपना उचित नहीं है।
काफी देर तक चले विरोध और बहस के बाद विभागीय टीम ने फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया और वापस लौट गई।







