*सीआईआई कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी घोषित, अशोक अग्रवाल अध्यक्ष और सौरभ अग्रवाल बने उपाध्यक्ष* *एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी, औद्योगिक विकास और एमएसएमई को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर*

*सीआईआई कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी घोषित, अशोक अग्रवाल अध्यक्ष और सौरभ अग्रवाल बने उपाध्यक्ष*

 

*एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी, औद्योगिक विकास और एमएसएमई को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर*

 

रुद्रपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), उत्तराखंड ने कुमाऊं जोन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसके तहत अशोक अग्रवाल को सीआईआई कुमाऊं जोन का अध्यक्ष तथा एलएससी इंफ्राटेक लिमिटेड के निदेशक सौरभ अग्रवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन पर सीआईआई से जुड़े औद्योगिक समूहों ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनसे उद्योग जगत के हित में कार्य करने की अपेक्षा जताई है।

 

नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक अग्रवाल को चावल प्रसंस्करण, विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में व्यापक औद्योगिक अनुभव है। उनके नेतृत्व में कुमाऊं क्षेत्र के उद्योग जगत के साथ सीआईआई का जुड़ाव और मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही औद्योगिक विकास, आपसी सहयोग और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में भी नए प्रयास किए जाने की संभावना है।

 

वहीं, उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल औद्योगिक गैस, खनन, ऑटोमोबाइल और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में अनुभव रखते हैं। संयंत्र संचालन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता से सीआईआई की गतिविधियों को गति मिलने तथा क्षेत्र के उद्योगों के साथ साझेदारी मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।

 

नई कार्यकारिणी का उद्देश्य उद्योग जगत के विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय बढ़ाना, उद्यमों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करना और उत्तराखंड के औद्योगिक विकास में योगदान देना है। इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और उभरते व्यवसायों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर रहेगा।

 

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कार्यकारिणी को जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी औद्योगिक समूहों का आभार जताया। उन्होंने उद्योग जगत के हितों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का भरोसा दिलाया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement