मटके वाली गली में चार शोरूमों में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए तीन चोर
सीसीटीवी में कैद हुए चोर, राजकुमार ठुकराल ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
राजकुमार ठुकराल बोले- जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन
रुद्रपुर। शहर की मटके वाली गली स्थित चार प्रतिष्ठित शोरूमों में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की नगदी एवं महंगा सामान चोरी कर लिया। चोर निर्माणाधीन भवन के रास्ते छत पर पहुंचे और जीने के दरवाजे तोड़कर एक के बाद एक चार शोरूमों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन चोर चोरी करते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मटके वाली गली में एक भवन निर्माणाधीन है। देर रात तीन चोर इसी भवन के सहारे छत पर पहुंचे और पड़ोस में स्थित रेड चीफ शोरूम के जीने का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोर जीने के रास्ते स्पाईकर शोरूम, ब्लैकबेरी शोरूम तथा ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम में पहुंचे और वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह जब शोरूम स्वामी प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद व्यापारी नेताओं एवं पुलिस को सूचना दी गई।
स्पाईकर शोरूम के स्वामी मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि चोर उनके प्रतिष्ठान से गल्ले में रखे 48 हजार रुपये की नगदी, लैपटॉप तथा हजारों रुपये मूल्य के रेडीमेड कपड़े चोरी कर ले गए। वहीं ब्लैकबेरी शोरूम के स्वामी अंकित नरूला के अनुसार उनके शोरूम से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी एवं सामान चोरी हुआ है।
रेड चीफ शोरूम के प्रबंधक भूपेंद्र ने बताया कि चोर लगभग 10 हजार रुपये की नगदी के साथ अन्य सामान भी चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टॉक मिलान के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। दूसरी ओर ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम के स्वामी आदित्य शर्मा ने बताया कि उनके शोरूम से करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी किया गया है।
बताया जा रहा है कि चारों शोरूमों में चोरी की वारदात मध्य रात्रि करीब साढ़े बारह बजे क्रमवार तरीके से की गई। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर शोरूमों के भीतर घूमते और सामान चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल सहित कई व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे की मांग की







