जेपीएस जूनियर में माताओं के लिए हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
मेहंदी, रैंप वॉक और फायरलेस कुकिंग में माताओं ने दिखाई प्रतिभा
मां बच्चे की प्रथम गुरु और मार्गदर्शक : प्रधानाध्यापिका
समाज निर्माण में माताओं की भूमिका अतुलनीय : सुरजीत ग्रोवर
रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल जूनियर में मातृ दिवस के अवसर पर भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर मातृ सम्मान, स्नेह और उत्साह से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापिका द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। विद्यालय के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिवार और समाज के निर्माण में माताओं की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने माताओं के त्याग और समर्पण को नमन किया।
विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत एवं प्रधानाचार्य आर. डी. शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें समाज की सशक्त धुरी बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य, गीत एवं योग प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं माताओं ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से माताओं के लिए मेहंदी रचना, गिफ्ट रैपिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, फायरलेस कुकिंग, रैंप वॉक एवं पुष्प सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रधानाध्यापिका ने कहा कि मां बच्चे की प्रथम गुरु, प्रथम मित्र और प्रथम मार्गदर्शक होती है तथा मां का निस्वार्थ प्रेम ही बच्चे के जीवन की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस का यह आयोजन माताओं के त्याग, ममता और समर्पण को समर्पित है।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता माताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागी माताओं को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







