शांति मेहरा बोलीं—नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस का विरोध उजागर

Spread the love

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का विपक्ष पर हमला, कांग्रेस की भूमिका पर उठाए सवाल

शांति मेहरा बोलीं—मोदी सरकार ने महिलाओं को दिया सम्मान

 

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा, महापौर विकास शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के प्रयासों में विपक्ष ने बार-बार बाधा उत्पन्न की है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शांति मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में इस विधेयक को पारित होने से रोकने का प्रयास किया और महिलाओं के अधिकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। स्वच्छता अभियान के तहत बने शौचालयों से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, वहीं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना ने समाज में बेटियों के प्रति दृष्टिकोण बदलने का कार्य किया है। इसके अलावा मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मातृ वंदन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया गया है।

शांति मेहरा ने कहा कि महिला आरक्षण से संबंधित यह विधेयक पहली बार 1996 में आया था, लेकिन लंबे समय तक लंबित रहा। वर्ष 2023 में केंद्र सरकार द्वारा इसे कानून का रूप देने के बावजूद विपक्ष ने इसका विरोध किया, जिससे उनका महिला विरोधी रवैया उजागर होता है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा की नीति सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक तुष्टिकरण की राजनीति की, जबकि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलने पर वे बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर विपक्ष के कथित दोहरे चरित्र को उजागर करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब देगी।

प्रेस वार्ता में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला अध्यक्ष नीता सक्सैना, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, प्रीति धीर और विजय तोमर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *