मसूरी में भीषण सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; चार पर्यटकों की मौत
मसूरी, । मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई। दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि बार्लोगंज चौकी क्षेत्र अंतर्गत झड़ीपानी रोड पर एक कार तीव्र ढलान पर नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एम्बुलेंस सेवाओं को भी तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ देर पहले कार सवार लोग सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर रुके थे। उन्होंने वहां से कुछ सामान खरीदा और स्वयं को उत्तरकाशी से आया हुआ बताया था। सामान खरीदने के बाद जैसे ही वे वाहन में सवार हुए, तीव्र ढलान पर खड़ी कार अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे स्थित खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम होने तथा खाई में घनी झाड़ियों और खड़ी ढलान के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवानों ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की सहायता से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान सबसे पहले एक महिला का शव बाहर निकाला गया, जिसके बाद अन्य शवों को भी खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत (हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर (गाजियाबाद) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग (दिल्ली) के रूप में हुई है। दुर्घटना में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। क्षेत्र में हादसे के बाद शोक की लहर व्याप्त है।







