होटल में मिले युवक-युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया, जांच जारी

Spread the love

होटल में मिले युवक-युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया, जांच जारी

नानकमत्ता। नगर के एक होटल में अलग-अलग समुदाय के युवक और युवती के ठहरे होने की सूचना पर मंगलवार देर रात हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाना पहुंचे और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख भरत चंद ने पुलिस को सूचना दी कि नानकमत्ता स्थित होटल सिटी सेंटर में एक युवक और युवती बिना वैध पहचान पत्र के ठहरे हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने होटल पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और थाना नानकमत्ता ले आई।

करीब 11 बजे भरत चंद के नेतृत्व में बजरंग दल के 10 से 12 कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए।

पुलिस जांच में युवक की पहचान इशाक अली (28) पुत्र सत्तार निवासी वार्ड संख्या-2, सितारगंज तथा युवती की पहचान 21 वर्षीय युवती निवासी जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि युवक खटीमा और युवती हल्द्वानी में नौकरी करते हैं तथा पिछले करीब डेढ़ वर्ष से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। बताया गया कि युवती चंपावत से लौटते समय नानकमत्ता में रुकी थी और उसने युवक को होटल में बुलाया था।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पुलिस ने एहतियातन युवक के खिलाफ बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं होटल प्रबंधन पर बिना आवश्यक दस्तावेजों के ठहराने के आरोप में 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *